लखनऊ। लखनऊ मंडल के ब्लड बैंकों की निगरानी के लिए बीकेटी के साढ़ामऊ स्थित राम सागर मिश्र हॉस्पिटल के सीएमएस डॉ. वीके शर्मा को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। वह ब्लड बैंकों की कमियां दूर कराएंगे। नियमित ब्लड डोनेशन कैंप भी लगवाएंगे, ताकि मरीजों को सुरक्षित खून आसानी से मिल सके।
अपर निदेशक डॉ. जीपी गुप्ता ने बताया कि बहुत से मरीजों के पास डोनर नहीं होते हैं। ऐसे जरूरतमंद मरीजों को बिना डोनर खून उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। नोडल अधिकारी बने डॉ. वीके शर्मा इससे पहले लोहिया संस्थान में ब्लड बैंक प्रभारी थे।
वहीं, डॉ. वीके शर्मा ने बताया कि अब भी युवक और युवतियां रक्तदान करने में पीछे हैं। इन्हें प्रोत्साहित करने की जरूरत है। इसके लिए स्कूल और कॉलेजों में उत्सव की तरह शिविर लगवाए जाएंगे। रक्तदाताओं को प्रमाणपत्र दिया जाएगा। इससे युवक व युवतियां प्रोत्साहित होंगे। सबसे ज्यादा फोकस हरदोई, लखीमपुर खीरी, रायबरेली, सीतापुर और उन्नाव के जिला अस्पतालों में संचालित ब्लड बैंकों पर होगा।