इस्लामिक सेंटर आॅफ इंडिया ऐशबाग ईदगाह में रोजा खोलते रोजेदार। -अमर उजाला
लखनऊ। रमजान के पहले रोजे पर राजधानी के मुस्लिम बहुल इलाकों की फिजा पूरी तरह रूहानी रंग में रंगी नजर आई। तड़के सहरी के वक्त घरों में सादगी और अनुशासन का माहौल रहा। महिलाओं ने एहतिमाम के साथ सहरी तैयार की और फज्र की अजान के साथ रोजे की नीयत की गई। दिन भर रोजेदार तिलावत-ए-कुरआन, नमाज और जिक्र में मशगूल रहे।
मगरिब से पहले ही घरों में महिलाएं इफ्तार की तैयारियों में जुट गईं। खजूर, फल और पारंपरिक पकवानों से सजी थालियों के साथ रोजेदारों ने परिवार के साथ इफ्तार किया। इसके बाद शहर की सभी मस्जिदों में तरावीह की नमाज के लिए अकीदतमंदों की भीड़ उमड़ पड़ी। ऐशबाग ईदगाह सहित विभिन्न इलाकों की मस्जिदों में कुरआन की तिलावत देर रात तक गूंजती रही। इमामों ने अपने खुत्बों में सब्र, अमन और भाईचारे का पैगाम दिया।
रमजान के आगाज के साथ ही पुराने लखनऊ के चौक, अमीनाबाद, लालबबाग, इंदिरानगर, उजरियाव, खदरा समेत अधिकांश बाजारों में खास रौनक रही। इत्र, टोपी, जानमाज और इफ्तार से जुड़ी वस्तुओं की दुकानों पर देर रात तक चहल पहल दिखाई दी। इफ्तार की रौनक और तरावीह की गूंज के बीच लखनऊ में संयम और आपसी सौहार्द की झलक स्पष्ट नजर आई। ऐशबाग स्थित इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया के परिसर में संस्था की ओर से आयोजित रोजा इफ्तार में भीड़ रही। इसके अलावा शहर की सभी मस्जिदों में रोजा इफ्तार हुआ।