श्रावस्ती। भिनगा नगर में पटरियों पर अतिक्रमण लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है। कई प्रमुख स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी के बावजूद लोग जाम से परेशान होते हैं। इसके बावजूद जिम्मेदार समस्या दूर कराने में रुचि नहीं ले रहे हैं।
भिनगा तहसील मार्ग की दोनों पटरियों पर अतिक्रमण है। एक पटरी पर ठेलिया तो दूसरी पटरी पर खुले होटल में आने वाले लोग अपने वाहन खड़े कर देते हैं। वहीं तहसील से आगे मार्ग की पटरियों पर पटरा-बल्ली व कबाड़ रखा जा रहा है। कुछ आगे दुकानदार पटरियों पर कब्जा जमाए हैं। वहीं बीच में खाली जगह मिलने पर ई रिक्शा व ऑटो चालक भी वाहन खड़ा कर देते हैं। जिससे यहां अक्सर जाम की समस्या रहती है। वहीं आमने-सामने से वाहनों के आ जाने पर लोगों को काफी देर तक परेशान होना पड़ता है। यही स्थिति राजर्षि ठाकुरद्वारा मैदान से लेकर संतोषी माता मंदिर तक मुख्य मार्ग की है। जहां पटरियों पर अतिक्रमण जाम का कारण है। इससे खैरी मोड़ व दीवानी न्यायालय गेट भी अछूता नहीं है।जहां मार्ग व पटरियों पर बेतरतीब खड़े वाहन जाम का कारण बने हैं। इसके बावजूद न तो अतिक्रमण करने वालों पर कार्रवाई हो रही है और न ही बेतरतीब खड़े वाहनों पर ही। ऐसे में लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। स्थानीय निवासियों ने डीएम व एसपी से हस्तक्षेप कर समस्या दूर कराने की मांग की है।
ईवीएम व वीवीपैट वेयर हाउस का हुआ निरीक्षण
श्रावसती। कलेक्ट्रेट स्थित ईवीएम व वीवीपैट वेयर हाउस का मंगलवार डीएम अजय कुमार द्विवेदी ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वेयर हाउस में रखे बैलेट यूनिट, कंट्रोल यूनिट तथा वीवीपैट की सतत निगरानी व सुरक्षा व्यवस्था को बनाए रखने तथा सीसीटीवी कवरेज के डीवीआर के संचालन व रिकॉर्डिंग का निर्देश दिए। इस दौरान उनके साथ एडीएम अमरेंद्र कुमार वर्मा, उप कृषि निदेशक सुरेन्द्र चंद्र चौधरी, बसपा जिलाध्यक्ष राजेश कुमार गौतम, सपा जिला उपाध्यक्ष महेश यादव व कांग्रेस जिला महासचिव आदिल शाह सहित अन्य मौजूद रहे।