सीए फाइनल परीक्षा में सफल विद्यार्थियों को इंस्टीट्यूट आफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स लखनऊ शाखा ने पदक
लखनऊ। देश की सबसे कठिन पेशेवर परीक्षाओं में गिनी जाने वाली चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) परीक्षा में राजधानी के युवाओं ने शानदार प्रदर्शन किया है। जनवरी सत्र के घोषित परिणामों में लखनऊ को 40 नए चार्टर्ड अकाउंटेंट मिले हैं। खास बात यह रही कि सफल अभ्यर्थियों में करीब 70 फीसदी महिलाएं हैं, जिसने छात्राओं की बढ़ती शैक्षणिक उपलब्धियों को नई पहचान दी है।
सोमवार को गोमतीनगर स्थित आईसीएआई लखनऊ चैप्टर में सफल अभ्यर्थियों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। परिवारजनों की मौजूदगी में जब मेधावियों को सम्मानित किया गया तो सभागार तालियों से गूंज उठा और संघर्ष, त्याग व मेहनत की कहानियां भावुक कर गईं।
जनवरी 2026 के परिणामों में लखनऊ से 139 अभ्यर्थी दोनों समूहों में शामिल हुए, जिनमें 14 ने दोनों ग्रुप एक साथ उत्तीर्ण किए। प्रथम समूह में 20 और द्वितीय समूह में दो अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल की।
वैभव सिंह रहे अव्वल
मेरिट सूची में वैभव सिंह 410 अंकों के साथ लखनऊ में प्रथम स्थान पर रहे। अक्षय रस्तोगी 401 अंकों के साथ दूसरे और रश्मि मौर्य 356 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं। लखनऊ चैप्टर के चेयरमैन सीए अश्वनी जायसवाल, कोषाध्यक्ष सीए चारू खन्ना सहित अन्य पदाधिकारियों ने सफल अभ्यर्थियों को बधाई दी।