लखनऊ। रहीमाबाद के गहदो गांव में दो माह के बच्चे की मौत सडन इंफेंट डेथ सिंड्रोम से हुई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इसका खुलासा हुआ है। इसमें एक साल के कम उम्र के बच्चे की साेते वक्त मौत हो जाती है। सीएमओ का कहना है कि टीका लगने से बच्चे की जान नहीं गई है।
रहीमाबाद इलाके के गहदो गांव में छह अप्रैल को बच्चों का टीकाकरण हुआ था। टीका लगने के चार दिन बाद दो माह के मोहम्मद उमर और चार अन्य बच्चों को बुखार आ गया था। पिता साहिल का कहना था कि उमर की नाक से खून भी निकला था, जिसके बाद उसकी मौत हो गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सडन इंफेंट डेथ सिंड्रोम की पुष्टि हुई है। सीएमओ डॉ. एनबी सिंह ने बताया कि एक साल से कम उम्र के बच्चों में यह सिंड्रोम देखा जाता है। विशेषकर दो से चार माह के बच्चों में अधिक होता है। यह अक्सर नींद के दौरान होता है। सीएमओ ने बताया कि शनिवार को जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. अमिताभ श्रीवास्तव, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. शाहिद रजा, माल सीएचसी अधीक्षक डॉ. जेपी सिंह और उनकी टीम ने क्षेत्र में भ्रमण किया और परिजनों को टीकाकरण के लाभ बताए।