मुख्य सचिव राजीव कुमार ने भ्रष्टाचारी और दागी कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए 50 पार वाले कर्मियों की स्क्रीनिंग करने व लंबित अभियोजन स्वीकृतियां जल्द देने के निर्देश दिए।
साथ ही उन्होंने अच्छा काम करने वालों को समय से विभागीय पदोन्नति समिति (डीपीसी) की बैठकें कर पदोन्नतियां देने के लिए कहा है।
मुख्य सचिव ने इस संबंध में की गई कार्रवाई की रिपोर्ट पांच सितंबर तक अधिकारियों को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।
मुख्य सचिव शुक्रवार को यहां साप्ताहिक बैठक में शासन के अपर मुख्य सचिवों, प्रमुख सचिवों व सचिवों से मुखातिब थे।
सूत्रों ने बताया कि मुख्य सचिव ने इस बैठक में अधिकारियों से विभागवार 50 वर्ष से अधिक आयु के कर्मियों की स्क्रीनिंग तथा विभागीय चयन समितियों की बैठकों की जानकारी ली।
उन्होंने विभागीय स्तर पर अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ अभियोजन स्वीकृति संबंधी मामलों में अब तक की गई कार्रवाई तथा लंबित प्रकरणों पर चर्चा की।
विभागीय स्तर पर अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ अनुशासनिक मामलों में की गई कार्रवाई व लंबित प्रकरणों पर अपडेट लिया। मुख्य सचिव ने अधिकारियों से वार्षिक कार्ययोजना तैयार कर तय किए गए लक्ष्यों के सापेक्ष उपलब्धियों पर भी बात की।
उन्होंने सितंबर के साथ मई व दिसंबर 2018 के हिसाब से किए जाने वाले कार्यों की कार्ययोजना देने को कहा है।