रायबरेली। जाति-धर्म के आधार पर लोगों को चेयरमैन का चयन नहीं करना चाहिए। बिना किसी भेदभाव के जनता की समस्याओं का निराकरण कराने वाला ही हमारा चेयरमैन होना चाहिए। इसी बात को ध्यान में रखते हुए इस बार मतदान किया जाएगा। यह बातें रविवार को डलमऊ तहसील में आयोजित अमर उजाला संवाद कार्यक्रम के दौरान नागरिकों ने कही।
डलमऊ कस्बे के राज किशोर श्रीवास्तव ने कहा कि पांच साल में विकास के नाम पर नगर पंचायत डलमऊ में खानापूर्ति की। करोड़ों रुपये की लागत से जल निकासी के लिए नालों का निर्माण किया गया, लेकिन जल निकासी की व्यवस्था ना होने के कारण नाले में भरा पानी तालाब का रूप ले चुके हैं। इससे संक्रामक बीमारी फैलने का खतरा मंडराता रहता है। इस समस्या को दूर कराने वाला हमारा चेयरमैन होना चाहिए। भंवरजी तिवारी ने कहा कि नगर पंचायत में पेयजल, खस्ताहाल सड़कें और गंदगी मुख्य समस्या है। निवर्तमान चेयरमैन ने इस दिशा में कोई कार्य नहीं कराया। जनता से विकास के नाम पर झूठे वादे किए। ऐसे नेता को इस बार सबक सिखाया जाना जरूरी है।
कस्बा निवासी दिनेश चंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि चुनाव के दौरान प्रत्याशी हाथ जोड़कर वोट तो मांगते हैं, लेकिन चुनाव जीतने के बाद जनता से किए गए वादे भूल जाते हैं। रामदासपुर मोहल्ले में पानी की गंभीर समस्या रहती है। हैंडपंप खराब पड़े हैं, जिन्हें ठीक नहीं कराया गया। घनश्याम उर्फ बसौली मिश्रा ने कहा कि हमारी समस्याओं को दूर कराने वाले का ही इस बार सपोर्ट किया जाएगा। विनोद कुमार ने कहा कि नगर पंचायत में विकास कराने के नाम पर करोड़ों रुपये का बजट आता है। यह बजट विकास कार्यों पर न लगाकर बंदरबांट कर लिया जाता है। इससे नगर पंचायत के मोहल्लों में विकास नहीं दिख रहा है। जनता की कसौटी पर खरा उतरने वाले उम्मीदवार का ही इस बार सपोर्ट किया जाएगा।