युवक की मौत का कारण स्पष्ट नहीं, विसरा सुरक्षित
लखनऊ। महिंगवा के खंतारी गांव निवासी अवधेश (25) की संदिग्ध हालात में हुई मौत के मामले में बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम किया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका। डॉक्टरों के पैनल ने हार्ट और विसरा सुरक्षित रखा है। दोनों प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजे जाएंगे।
परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने बुधवार को कब्र से शव निकाला था। इसके लिए डीएम से अनुमति ली गई थी। परिजनों ने बिरयानी में जहरीला पदार्थ खिलाए जाने की आशंका जताई थी। दरअसल, खंतारी गांव के अवधेश रविवार रात में बेहटा से बिरयानी की दावत खाकर देर रात घर लौटे थे। अपने बड़े भाई जितेंद्र और चचेरे भाई मवई खंतारी के प्रधान वीरेंद्र रावत से तबीयत खराब होने और जहर खिलाने की बात कही थी। सोमवार को बलरामपुर अस्पताल में उनकी मौत हो गई थी। परिजनों ने गांव लाकर शव दफना दिया था। हालांकि बाद में संदेह होने पर पुलिस से शिकायत की थी।