लखनऊ। आवास विकास परिषद यूपी इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग के साथ मिलकर राजधानी में पहली एआई सिटी विकसित करेगा। इस योजना पर दोनों विभाग मिलकर काम करेंगे। जल्द ही दोनों विभागों के बीच एमओयू होगा।
एआई सिटी वृंदावन योजना के सेक्टर 15 में 20 एकड़ से अधिक जमीन पर विकसित की जाएगी। इससे शहर में रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। इसकी मंजूरी के लिए बुधवार को बोर्ड बैठक में प्रस्ताव लाया जाएगा।
पिछले दिनों मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसकी घोषणा भी की थी। आवास विकास परिषद की बुधवार को होने वाली बोर्ड बैठक में एआई सिटी के साथ ही बिजनेस पार्क निर्माण का भी प्रस्ताव है। एआई सिटी के साथ बिजनेस पार्क बनाने के लिए यूपी इलेक्ट्राॅनिक्स विभाग और आवास विकास परिषद आपस में करार करेंगे। इसमें दोनों की जिम्मेदारी और जवाबदेही तय होगी ताकि कार्ययोजना को आगे बढ़ाने में कोई बाधा न आए।
बोर्ड की बैठक में रखे जाएंगे ये प्रस्ताव
0 वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट और नई आवासीय योजनाओं को मंजूरी।
0 आवास विकास की योजना में जमीन की दरों में भी 10 से 15 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी।
0 बस्ती, संत कबीर नगर, सहारनपुर, वाराणसी, उन्नाव, गोरखपुर में नई आवासीय योजनाओं के लिए जमीन अधिग्रहण और उनके लिए बजट आवंटन।
0 विभिन्न आवासीय योजनाओं में स्थित सामुदायिक केंद्रों का संचालन लीज पर निजी हाथों में दिया जाना।
0 अनियमितताओं में दोषी पाए गए इंजीनियरों के खिलाफ कार्रवाई।