मलिहाबाद। मेडिकल छात्रों को टर्म परीक्षा दिलाने जा रही स्कूल बस को हरदोई-लखनऊ बॉर्डर पर शनिवार की सुबह टोल प्लाजा के निकट यात्री कर अधिकारी (पीटीओ) ने कागज पूरे न होने पर सीज कर दिया। बस में बैठे छात्र और शिक्षक परीक्षा छूटने की बात कहकर गिड़गिड़ाए और हाथ जोड़े, लेकिन वह नहीं पसीजे। छात्रों और शिक्षकों को रहीमाबाद के एक व्यापारी ने अपने वाहन से काॅलेज तक भिजवाया।
छात्र बिलाल ने बताया शनिवार सुबह लगभग आठ बजे दुबग्गा से बेहटा मुजावर बांगरमऊ उन्नाव स्थित आम्रपाली आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज में परीक्षा देने स्कूल बस से जा रहे थे। हरदोई लखनऊ बॉर्डर टोल प्लाजा के पास बस को पीटीओ मनोज कुमार भारद्वाज ने रोक लिया। बस पर कुल पांच छात्र और दो शिक्षक सवार थे। रहीमाबाद कस्बा निवासी व्यापारी आजाद अंसारी ने अपनी कार में छात्रों और शिक्षकों को बैठाकर आम्रपाली आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज बेहटा मुजावर बांगरमऊ उन्नाव सेंटर तक भिजवाया।