महराजगंज कोतवाली में तैनात सिपाही मोनू और उसकी पत्नी शिखा और बच्ची अनन्या को दबंगों ने दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। सिपाही पत्नी और बच्ची के साथ महाराजगंज कस्बे में किराए के घर में रहता है। सिपाही और बच्ची को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जबकि पत्नी का पता नहीं चल रहा है। पुलिस पर हुए हमले से जाहिर है कि महाराजगंज कोतवाली पुलिस का अराजक तत्वों पर कोई अंकुश नहीं रह गया है। पुलिस सिपाही की पत्नी की खोजबीन कर रही है।
महाराज गंज कोतवाली में तैनात सिपाही से मोहल्ले के लोगों से कुछ कहासुनी हो गई थी। इसी बात को लेकर घर से बाहर आए सिपाही को हमलावरों ने पीटना शुरू कर दिया। पत्नी और बच्ची बचाने आई तो उन्हें भी जमकर पीटा। हमलावरों ने तीनों को घर में घुसकर और फिर बाहर निकलने पर दौड़ा-दौड़ा कर पीटा और मोहल्ले के लोग तमाशाई बने रहें। सिपाही की पिटाई से महाराजगंज में अफरा तफरी मच गई। सूचना पर पुलिस पहुंची, लेकिन वह किसी हमलावर को गिरफ्तार नहीं कर पाई है।
घटना के बाद से सिपाही की पत्नी को हमलावरों ने बंधक बनाया या फिर डर के मारे वह कहीं छिपी हुई है। पुलिस सिपाही की पत्नी का पता लगाने में लगी हुई हैं। सिपाही और बच्ची को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। सीओ का कहना है कि पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। केस दर्ज करके कड़ी कार्रवाई की जाएगी।