लखनऊ। अलीगंज अग्निकांड के बाद एलडीए ने शहर में करीब 150 बिल्डिंगें सील की हैं। इनमें ज्यादातर संख्या कोचिंग संस्थानों और लाइब्रेरी की हैं। ऐसे ही करीब 70 कोचिंग वालों ने सोमवार को एलडीए में बनाई गई हेल्पडेस्क पर कोचिंग की सील खुलवाने के लिए संपर्क किया और करीब 20 ने यह शपथ पत्र भी दिया कि उनके यहां आग से बचाव के उपाय हैं।
अब इनकी जांच एलडीए की टीम करेगी, उसके बाद तीन दिन के अंदर सील को खोले जाने का निर्णय लेगी। एलडीए सचिव विवेक श्रीवास्तव ने बताया कि जिन लोगों ने सील खोलने के लिए आवेदन किया है, उनके यहां एलडीए की टीम मौके पर जाएगी। वह यह देखेगी कि वहां फायर सेफ्टी के उपाय हैं कि नहीं। यदि उपाय मानक के तहत होंगे तो सील खोल दी जाएगी। यह काम तीन दिन में कर लिया जाएगा।