लखनऊ। पारा विक्रमनगर फ्लाईओवर ब्रिज के पास सब्जी मंडी के नजदीक कूड़े के ढेर में बुधवार सुबह बोरे में मिले युवक के शव की अब तक पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस शव की शिनाख्त के लिए सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफार्म का सहारा ले रही है।
डीसीपी पश्चिम विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि बृहस्पतिवार को लापता कुछ युवकों के परिजनों ने शव की पहचान के लिए पारा पुलिस से संपर्क किया। शव की फोटो दिखाई गई तो उन लोगों ने शव पहचानने से इन्कार कर दिया। डीसीपी ने बताया कि पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। इसके अलावा शव की पहचान के लिए सोशल मीडिया का सहारा लिया गया है। शिनाख्त न होने के चलते अभी युवक के शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया गया है। ऐसे में मौत की सही वजह पता नहीं चल सकी है। अगर 72 घंटे के अंदर शिनाख्त नहीं होती है तो शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
यह है घटना
पारा के विक्रमनगर इलाके में बुधवार सुबह लाल रंग के बोरे में एक युवक का नग्न अवस्था में शव पड़ा मिला। युवक की रस्सी से गला कस कर हत्या की गई थी। गले पर रस्सी बंधी थी। हाथ और पैर भी रस्सी से बंधे हुए थे। चेहरे पर भूरे रंग का टेप लिपटा था। सिर के पीछे गहरा जख्म था। युवक की उम्र 30 से 35 साल के बीच है।