नगराम। इंदिरानगर के तकरोही निवासी रिंकू कुमार राजपूत (36) का शव बुधवार शाम नगराम के अचलीखेड़ा रेगुलेटर के पास नहर में उतराता मिला। वह दो दिन से लापता थे। इंदिरानगर थाने में उनकी गुमशुदगी दर्ज थी।
भाई दीपक के मुताबिक, रिंकू 14 सितंबर की शाम करीब साढ़े चार बजे पिता सुरेश कुमार से मिलने के बाद ऑटो पार्ट्स की दुकान गए थे। शाम करीब 7:30 बजे दीपक को फोन आया कि रिंकू की बाइक बीबीडी इलाके में इंदिरा नहर के पास खड़ी है और उन्होंने नहर में छलांग लगा दी है। परिजन मौके पर पहुंचे लेकिन रिंकू नहीं मिले। पुलिस ने भी नहर में तलाश कराई पर सफलता नहीं मिली।
रिंकू रिटायर्ड अधिकारी की गाड़ी चलाने के साथ ऑटो पार्ट्स की दुकान भी चलाते थे। परिवार में पत्नी रंजना और सात वर्षीय बेटी खुशी है। थानाध्यक्ष अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों ने कोई आरोप नहीं लगाया है।