मानव रहित रेलवे क्रासिंग पर इंजन में बाइक फंसने से खड़ी ट्रेन।
- फोटो : स्रोत-सोशल मीडिया
ऊंचाहार (रायबरेली)। मानवरहित क्रॉसिंग पर एक युवक ट्रैक पार कर रहा था। तभी अचानक ट्रेन को नजदीक आता देख युवक घबरा गया और ट्रैक पर ही बाइक छोड़कर भाग गया। फर्राटा भरते हुए आगे बढ़ रही इंटरसिटी एक्सप्रेस के इंजन में बाइक फंसकर एक किमी तक घिसटती चली गई। गनीमत रही कि कोई हादसा नहीं हुआ। रेलवे सुरक्षा बल के साथ अधिकारी पहुंचे। करीब 15 मिनट ट्रेन खड़ी रही। युवक की तलाश की जा रही है।
यह घटना ऊंचाहार-फाफामऊ रेल मार्ग पर रविवार दोपहर उस समय घटी, जब साढ़े तीन घंटे देरी से चल रही लखनऊ-प्रयागराज इंटरसिटी फर्राटा भरते हुए आगे बढ़ रही थी। अरखा और परियावां स्टेशनों के बीच पूरे रक्षपाल मजरे अरखा गांव के पास मानवरहित रेलवे क्रॉसिंग है, जिससे सड़क मार्ग पर वाहनों का आवागमन रोकने के लिए रेलवे ने खंभे लगा रखे हैं।
इसी क्रॉसिंग से एक युवक बाइक से निकलने की कोशिश कर रहा था। बाइक पटरियों में फंस गई। इसी बीच इंटरसिटी फर्राटा भरते हुए नजदीक आने लगी, तभी युवक घबराकर बाइक को रेलवे ट्रैक पर ही छोड़कर भाग गया।
इससे पहले कि लोको पायलट ट्रेन को रोकते, इंटरसिटी का इंजन बाइक से टकरा गया। ट्रेन से टकराने के बाद बाइक बाहर होने के बजाए इंजन में ही फंस गई और एक किमी तक घिसटती रही।
इंजन और ट्रैक की जांच के बाद रवाना की गई ट्रेन
लोको पायलट ने ट्रेन रोक कर बाइक को बाहर निकाला। ऊंचाहार स्टेशन से अधिकारी और आरपीएफ की टीम भी पहुंच गई। इंजन और ट्रैक का परीक्षण किया गया। सब कुछ ठीक मिलने पर 15 मिनट बाद ट्रेन रवाना की गई। आरपीएफ प्रभारी आरबी सिंह ने बताया कि बाइक कब्जे में लेकर युवक की तलाश की जा रही है। केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।