लखनऊ। महानगर के न्यू हैदराबाद निवासी हाईकोर्ट के अधिवक्ता अभिषेक तिवारी को एसयूवी से कुचलने के प्रयास के मामले में अवध बार एसोसिएशन ने पुलिस आयुक्त को पत्र लिखा है। इस मामले में आरोपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने से अधिवक्ता नाराज हैं। एसोसिएशन के महासचिव ललित किशोर तिवारी ने अधिवक्ता अभिषेक की सुरक्षा की मांग की है।
महासचिव का कहना है कि आरोपी लगातार अभिषेक को धमकी दे रहा है। इस हमले से अधिवक्ता समाज आक्रोशित है। आरोपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती है तो अधिवक्ता समाज आंदोलन करेगा। अभिषेक तिवारी ने गौतमपल्ली के बंदरिया बाग में रहने वाले करन पर उन्हें एसयूवी से कुचलने के प्रयास का आरोप लगाया था। अभिषेक का कहना है कि करन खुद को पूर्व आईएएस का दामाद बताता है। इंस्पेक्टर महानगर अखिलेश कुमार मिश्र का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।