पुलिस की पड़ताल में सामने आया है कि ऑटो चालक ने नंबर प्लेट के आगे बंपर लगा रखा था। यही वजह है कि कैमरे में ऑटो का नंबर कैद नहीं हो पाया। पुलिस की टीम ने ऑटो यूनियन के पदाधिकारियों से भी संपर्क कर चालक के बारे में पता लगाने के लिए कहा, लेकिन अभी तक कोई सफलता नहीं मिल सकी। अब सवाल ये है कि ऑटो चालक वीआईपी मूवमेंट के दौरान शहीद पथ पर कैसे पहुंचा। पुलिस कई बिंदुओं पर छानबीन कर रही है। चालक के पकड़े जाने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि यह महज एक हादसा था या फिर साजिश।
राजभवन आ रहे थे हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल
हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल 12 दिसंबर की सुबह एयरपोर्ट से राजभवन आ रहे थे। लुलु मॉल के सामने शहीद पथ पर अचानक उनकी फ्लीट की चार गाड़ियां आपस में टकरा गइ थीं। हालांकि, राज्यपाल की गाड़ी आगे निकल गई थी, जिन्हें सुरक्षित राजभवन पहुंचा दिया गया था। हादसे में एसीपी गाजीपुर एवी सिंह, एलआईयू के इंस्पेक्टर मो. शब्बीर, राकेश पांडेय व एक अन्य पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। मामले में डीसीपी दक्षिणी ने एक जांच कमेटी गठित की थी। छानबीन में सामने आया था कि फ्लीट के आगे एक ऑटो अचानक आ गया था, जिसके कारण जिप्सी चालक ने ब्रेक लगा दी थी। हादसे में एंबुलेंस समेत चार वाहन क्षतिग्रस्त हो गए थे।