गिलौला / कटरा (श्रावस्ती)। अनुसूचित जाति के किशोर को पेशाब पिलाने की घटना को उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति आयोग ने गंभीरता से लिया है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर बुधवार को आयोग के अध्यक्ष व समाज कल्याण मंत्री बुधवार पीड़ित के घर पहुंचे। जहां उन्होंने परिजनों से बात कर न्याय दिलाने का भरोसा दिया। साथ ही एससी / एसटी अत्याचार उन्मूलन के तहत पीड़ित को मिलने वाली सहायता राशि दिलाने का आश्वासन दिया। गिलौला थाना क्षेत्र के ग्राम रामपुर त्रिभौना पहुंचे एससी / एसटी आयोग के अध्यक्ष असीम अरुण ने पीड़ित किशोर के परिजनों सहित पीड़ित किशोर से घटना के बारे में जानकारी ली। उन्होंने परिजनों को आश्वासन दिया कि परिवार को किसी से डरने की जरूरत नहीं। सरकार व पूरा प्रशासनिक अमला पीड़ित परिवार के साथ है। उन्होंने परिवार को भरोसा दिया कि कोर्ट में प्रभावी पैरवी करें ताकि आरोपियों को जल्द से जल्द सजा दिलाई जाएगी। साथ ही परिवार को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए दो पुत्रों को कौशल विकास का प्रशिक्षण भी दिलाया जाएगा। इसके बाद उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक में निर्देश दिया कि भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति न हो। इस दौरान श्रावस्ती विधायक रामफेरन पांडेय, एमएलसी प्रज्ञा त्रिपाठी, एससी मोर्चा के जिलाध्यक्ष प्रवेश आर्या सहित अन्य मौजूद रहे।