महानगर में पानी की किल्लत को लेकर प्रदर्शन करते लोग।
लखनऊ। महानगर वार्ड के कई इलाकों की करीब 20 हजार की आबादी पीने के पानी की किल्लत से जूझ रही है। समस्या दूर न होने से नाराज लोगों ने मंगलवार को प्रदर्शन किया।
पार्षद हरीशचंद्र लोधी ने बताया कि दर्शनगंज, मेहंदी टोला, विष्णुपुरी कॉलोनी, विष्णुपुरी विस्तार, चर्च रोड, दयाल फोर्ट, बाबा की संगत और चर्च एवेन्यू जैसे क्षेत्रों में पांच वर्ष से बरकरार पानी की समस्या और गहरा गई है। इसे दूर करने के लिए सेंट फेडलिस स्कूल के सामने गांधी पार्क में नलकूप लगाया गया है।
इस समय पानी की सफाई का काम किया जा रहा है, लेकिन एक व्यक्ति नलकूप को चालू नहीं होने दे रहा है और जलकल विभाग कड़ी कार्रवाई नहीं कर रहा है। नगर निगम, जलकल विभाग और जिला प्रशासन से मांग की गई कि तत्काल मामले में हस्तक्षेप कर वैकल्पिक समाधान निकाले, ताकि लोगों को साफ पानी मिल सके। पार्षद ने बताया कि जिस स्थल पर नलकूप लगाया जा रहा है, उसका लंबे समय से सार्वजनिक इस्तेमाल हो रहा है और मामला 20 वर्षों से कोर्ट में है।