प्रमुख सचिव एमएसएमई नवनीत सहगल
- फोटो : amar ujala
प्रदेश में वस्त्र उद्योग को बढ़ावा देने के लिए गोरखपुर, वाराणसी व आगरा जिले में टेक्सटाइल व अपैरल पार्क विकसित किया जाएगा। इसके लिए तीन कंपनियों ने प्रस्ताव दिया है। इन कंपनियों को भूमि खरीद के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। इससे प्रोजेक्ट की लागत कम होगी और उद्यमी आसानी से अपनी इकाई स्थापित कर सकेंगे। यह निर्णय बुधवार को अपर मुख्य सचिव, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम डॉ. नवनीत सहगल की अध्यक्षता में लोक भवन में आयोजित शासकीय स्वीकृति समिति की बैठक में लिया गया।
उन्होंने कहा कि यूपी को वस्त्र उद्योग एवं गारमेंटिंग का हब बनाने की दिशा में सार्थक पहल की जा रही है। हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग के माध्यम से प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर निजी क्षेत्र के सहयोग से इंटीग्रेटेड टेक्सटाइल पार्कों को विकसित करने वाली निजी कंपनियों को प्रोत्साहित करने की योजना बनाई गई है। साथ ही उन्होंने कहा कि प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में एक-एक टेक्सटाइल पार्क स्थापित किया जाएगा। इन टेक्सटाइल पार्कों को निजी डवलपर के माध्यम से विकसित और संचालित किया जाएगा। राज्य सरकार इन टेक्सटाइल पार्कों के संचालन में हरसंभव सहयोग करेगी।