दीपावली की खुशियां भी अराजक तत्वों व आतंकियों के निशाने पर हैं। सार्वजनिक स्थानों को आतंकी निशाना बना सकते हैं। ऐसी आशंका सीमा पर तैनात खुफिया एजेंसियों ने जताई है।
इसके चलते नेपाल सीमा से सटे बहराइच समेत सभी जिलों में दीपावली पर अलर्ट घोषित कर दिया गया है। पुलिस के साथ एसएसबी सघन चौकसी बरत रही है। सीसीटीवी कैमरों से नजर रखी जा रही है।
सार्वजनिक स्थलों पर भी तलाशी अभियान चल रहा है। प्रकाश पर्व पर दीपावली के पटाखों के धूमधड़ाके के बीच आतंकी धमाके की आशंका है। मधेशी आंदोलन के चलते भी सीमा पर तनाव है। आतंकी इसका लाभ उठाने की फिराक में है।
खुफिया एजेंसियों की इस रिपोर्ट के बाद पुलिस महानिरीक्षक ने दीपावली के अवसर पर नेपाल सीमा से सटे सभी जिलों में सघन चौकसी बरतने के निर्देश दिए हैं। इस आदेश के बाद नेपाल सीमा से सटे बहराइच के मोतीपुर, रुपईडीहा, सुजौली, मुर्तिहा व नवाबगंज थानों के थानाध्यक्षों को अलर्ट कर दिया गया है।