लखनऊ के आलमबाग स्थित गुरू नानक गर्ल्स इंटर कॉलेज में सांपों के आतंक से परेशान होकर प्रिंसिपल प्रभजोत कौर ने लखनऊ की मेयर को पत्र लिखकर मदद की गुहार लगाई है।
दरअसल, कॉलेज के बगल में एक खाली प्लॉट है जिसमें कूड़े का ढेर व जंगल उगा हुआ है। जिसमें ढेर सारे सांपों ने अपना घर बना लिया है। ये सांप अक्सर स्कूल परिसर में भी आ जाते हैं जिससे बच्चों को नुकसान होने का खतरा बना रहता है।
प्रिंसिपल का कहना है कि सपेरों को बुलाकर उन्हें पकड़वाने की कोशिश भी की जा चुकी है पर सफलता नहीं मिली। बच्चों को कोई नुकसान न हो इसे ध्यान में रखते हुए कई बार छुट्टी तक की जा चुकी है।
मामले में नगर निगम को भी सूचित किया जा चुका है लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। प्रिंसिपल ने मेयर से जंगल साफ करवाने की अपील की है।