लखनऊ। आलमबाग के ओमनगर निवासी टेंट कारोबारी वैभव तिवारी (25) ने बुधवार रात घर में फंदा लगाकर जान दे दी। आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।
वैभव के पिता केके तिवारी ने बताया कि वैभव की आशियाना के पकरी इलाके में तिवारी टेंट हाउस के नाम से दुकान है। आठ माह पहले उसकी शादी आशियाना के पकरी की रहने वाली आकांक्षा से हुई थी। होली के चलते तीन दिन पहले बहू आकांक्षा मायके चली गई थी। बुधवार रात आठ बजे वैभव घर आया और कमरे में चला गया। रात लगभग 9:00 बजे मां सुमन उसके कमरे में पहुंचीं तो वह वहां नहीं मिला। परिजन मकान के ऊपरी हिस्से पर पहुंचे तो वैभव को टिनशेड में लगे लोहे की रॉड के सहारे दुपट्टे से लटका देखा। परिजन वैभव को अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इंस्पेक्टर आलमबाग रामबाबू ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि वैभव ने पारिवारिक कलह के चलते आत्महत्या की है। वैभव के परिवार में माता-पिता के अलावा दो छोटी बहनें हैं। (संवाद)