लखनऊ। ओमेक्स सिटी में प्ले एन फिट टेनिस अकादमी की ओर से छह दिवसीय निशुल्क टेनिस कैंप का मंगलवार को समापन हुआ। 26 से 31 मार्च तक चले इस विशेष शिविर में चार से 14 वर्ष तक के बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रशिक्षण के दौरान बच्चों को टेनिस की बारीकियों से रूबरू कराया गया। पहले दो दिनों में फोरहैंड और बैकहैंड तकनीक सिखाई गई, जिसके बाद सर्व और वॉली का कड़ा अभ्यास कराया गया। शिविर के अंतिम दो दिनों में खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मैच आयोजित किए गए, जहां उन्होंने सीखी हुई तकनीकों का प्रदर्शन किया। अकादमी के संस्थापक मोहम्मद उबैद ने शारीरिक फिटनेस के लिए फन गेम्स पर जोर दिया और अंतिम दिन सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र वितरित किए।