मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की सुरक्षा काफिले से दस नए बुलेटप्रूफ वाहन जोड़े जाएंगे। इसके लिए तैयार किए गए प्रस्ताव पर अंतिम स्वीकृति लिए जाने की तैयारी है।
समय-समय पर होने वाली मुख्यमंत्री की सुरक्षा की समीक्षा के तहत 14 नवंबर को शासन में हुई उच्च स्तरीय बैठक में सुरक्षा प्रबंधों में इजाफा करने का फैसला किया गया था।
बैठक में तय हुआ था कि मुख्यमंत्री के काफिले में चलने वाले सभी वाहनों को बुलेटप्रूफ कर दिया जाए।
इसके साथ ही सुरक्षा में लगे उप निरीक्षकों की संख्या बढ़ाने और सीएम के साथ चलने वाले जैमरों की क्षमता को बढ़ाए जाने का भी फैसला हुआ था।
अभी तक मुख्यमंत्री के साथ चलने वाली एंबेसेडर कारें तो बुलेटप्रूफ थीं लेकिन सुरक्षा कर्मियों को लेकर चलने वाले टाटा सूमो व अन्य वाहन बुलेटप्रूफ नहीं थे।'
पढ़ें-मायावती के 'गार्ड्स' को भत्ता देंगे अखिलेश
सीएम सुरक्षा से जुड़े अधिकारियों ने पिछले दिनों टाटा मोटर्स के अधिकारियों से वार्ता कर बुलेटप्रूफ वाहनों को तैयार किए जाने के सिलसिले में बात की थी।
सूत्रों के मुताबिक सुरक्षा प्रबंधों में वृद्धि की कवायद में पहले दस बुलेटप्रूफ टाटा सूमो बढ़ाने का फैसला हुआ है।
इसके लिए आवश्यक औपचारिक प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है, जिसे अनुमोदन के लिए उच्च अधिकारियों के पास भेजा जाना है।
(इस खबर पर प्रतिक्रिया देने के लिए नीचे के बॉक्स में कमेट करें, शेयर करने के लिए फेसबुक शेयर बटन पर क्लिक करें)