रायबरेली। बछरावां कोतवाली क्षेत्र में शनिवार को बेकाबू कार की टक्कर से सवारियों से भरा टेंपो खड्ड में जा गिरा। हादसे के बाद सवारियों में चीख पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने पहुंचकर टेंपो में सवार लोगों को बाहर निकाला। टेंपो पर सवार चार मासूम समेत 11 लोग घायल हुए। घायलों को सीएचसी पहुंचाया गया।
बछरावां कोतवाली क्षेत्र के नीमटीकर गांव निवासी दिग्विजय सिंह पत्नी अर्चना, बेटी मानसी, बेटे हर्ष, रूद्र, प्रदुम्म के साथ कार से बांदा-बहराइच राजमार्ग से होते हुए बछरावां की ओर से आ रहे थे। बांदा-बहराइच राजमार्ग पर तिलेंडा गांव के पास कार ने टेंपो में टक्कर मार दी। इससे टेंपो खड्ड में जा गिरा।
हादसे में कार सवार दिग्विजय सिंह का परिवार के अलावा शिवगढ़ निवासी टेंपो चालक नागेंद्र, पवन, इरशाद, रोशन सिंह और अमेठी जिले के गौरीगंज निवासी वंदना, विशुनपुर निवासी पुष्पा गंभीर रूप से घायल हुई। घायलों को सीएचसी पहुंचाया गया, जहां इरशाद, हर्ष, अर्चना, नागेंद्र की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। कोतवाल बृजेश कुमार राय ने बताया कि हादसे की जांच कराई जा रही है।