गर्मी और उमस के चलते आठवीं तक की कक्षाओं के बदले समय का आदेश डीएम सूर्यपाल गंगवार ने महज एक दिन में ही वापस ले लिया। नए आदेश में कहा गया है कि मौसम में सुधार के पूर्वानुमान को देखते हुए फिर से बदलाव किया जा रहा है। हालांकि बुधवार को पारा 3.2 डिग्री सेल्सियस और चढ़ गया, उमस भी मंगलवार की तरह ही बरकरार रही। बहरहाल अब आठवीं तक की कक्षाएं सुबह 8 बजे से दोपहर दो बजे तक चलेंगी। 25 जुलाई को आदेश कर डीएम ने इनका समय सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे कर दिया था।
आज भी मौसम के तेवर तीखे रहेंगे
मानसूनी बारिश के इंतजार में बैठे राजधानी के लोगों को चढ़ता पारा चिढ़ा रहा है। बुधवार सुबह की शुरुआत कड़क धूप के साथ हुई। मंगलवार को तीन डिग्री के करीब पारा लुढ़का था, जिससे थोड़ी राहत मिली थी। बुधवार को पारे ने फिर से छलांग लगाई और मंगलवार के 33.2 डिग्री की तुलना में 36.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विभाग का कहना है कि गुरुवार को भी मौसम में विशेष बदलाव के आसार नहीं हैं।
डिमांड 1664 मेगावाट पार, ओवरलोडिंग से बिजली भी रहीं हांफ
लखनऊ में बुधवार को बिजली की मांग का ग्राफ 1664 मेगावाट को पार कर गया। हालांकि इस सीजन में सबसे अधिक डिमांड 1688 मेगावाट रही है।डिमांड बढ़ने से ओवरलोडिंग बढ़ी जिससे बिजली के गुल होने की समस्या भी बढ़ गई। एफसीआई उपकेंद्र से जुड़ा 10 एमवीए पावर ट्रांसफार्मर ओवरलोड हो गया। इससे कुछ इलाकों की बिजली आपूर्ति को बंद करना पड़ा। चौक, चौपटिया, ठाकुरगंज, सआदतगंज, राजाबाजार, यहियागंज, रकाबगंज, ऐशबाग, आलमबाग, इंदिरानगर, गोमतीनगर, विकासनगर एवं जानकीपुरम में भी रात में बिजली की ट्रिपिंग की शिकायतें बढ़ गई हैं। वहीं, आलमबाग क्षेत्र में केबल बिछाने का कार्य करने के लिए 630 केवीए ट्रांसफार्मर की बिजली को बंद किया गया। इससे नया सरदारी खेड़ा, प्रेमनगर सहित आसपास का इलाके काफी देर तक बिजली संकट की चपेट में रहे।