राजाजीपुरम। सआदतगंज निवासी एक शख्स ने एसयूवी सवार दो किशोरों पर उनकी बेटी का अपहरण कर यौन उत्पीड़न करने का आरोप लगाया। तालकटोरा पुलिस ने बृहस्पतिवार को प्राथमिकी दर्ज कर दोनों किशोरों को पकड़ लिया। वहीं, घटना में इस्तेमाल एसयूवी भी सीज कर दी।
पीड़िता के पिता ने बताया कि बुधवार शाम हाईस्कूल में पढ़ने वाली बेटी करीब छह बजे राजाजीपुरम में ट्यूशन से घर जा रही थी। आरोप है कि रास्ते में एसयूवी सवार कक्षा आठ और 11 के छात्र ने बेटी का अपहरण कर बंधक बना लिया और राजाजीपुरम में एसयूवी घुमाते रहे।
शराब पिलाने का भी आरोप
पिता का आरोप है कि दोनों आरोपियों ने बेटी का यौन उत्पीड़न किया और जबरन उसे शराब पिलाई। रात करीब 8:30 आरोपी बेटी को छोड़कर भाग निकले। बेटी किसी तरह से घर पहुंची और उन्हें घटना की जानकारी दी। उन्होंने अगले दिन तालकटोरा थाने में दोनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। इंस्पेक्टर कुलदीप दुबे ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और गाड़ी नंबर के आधार पर दोनों को पुलिस ने पकड़ लिया। उनसे पूछताछ की जा रही है। एसयूवी दोनों में से एक आरोपी के पिता की है। आरोपी के पिता कारोबारी हैं।