वसूली न देने पर किशोर को पिला दिया जहरीला पदार्थ
लखनऊ। वसूली देने से मना करने पर दबंगों ने आलमबाग के सेक्टर-ए निवासी रेलकर्मी सुनील कुमार सिंह के 15 वर्षीय बेटे उज्ज्वल को जहरीला पदार्थ पिला दिया। रेलकर्मी ने बेटे को अस्पताल में भर्ती कराया हैं, वहां आईसीयू में उसका इलाज चल रहा है। आलमबाग पुलिस ने सोमवार को दो नामजद व अन्य अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
सुनील के मुताबिक वह रेलवे क्वार्टर में रहते हैं। बेटा उज्ज्वल निजी स्कूल में इंटर का छात्र है। 30 जनवरी को रात करीब साढ़े आठ बजे बेटा दोस्तों के साथ कहीं जा रहा था। आनंद नगर में बरहा कॉलोनी निवासी हिमांशु, शिवम व उसके अज्ञात साथियों ने उसे रोक लिया और पांच हजार रुपये वसूली मांगने लगे। विरोध पर लाठी-डंडों से पीट दिया। मरणासन्न होने पर उसे जहरीला पदार्थ पिला दिया और भाग निकले। बेटे के साथियों ने घटना की जानकारी उनको दी थी।
सुनील के मुताबिक 29 जनवरी को बेटे ने बताया था कि आरोपी उसे अक्सर पीटते हैं और पैसे मांगते हैं। मना करने पर पैर काटने व हत्या की धमकी देते थे। एसीपी कैंट अभय मल्ल के मुताबिक साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।