फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lucknow News: बिल के विवाद में किशोरी को तीन दिन अस्पताल में रोका, पुलिस से शिकायत

विज्ञापन
प्रतीकात्मक।
विज्ञापन
लखनऊ। दुबग्गा के हरदोई रोड स्थित यादव मार्केट के लखनऊ तुलसी हॉस्पिटल में इलाज के बिल को लेकर विवाद हो गया। परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर बकाया रकम का भुगतान न कर पाने पर 13 वर्षीय किशोरी को तीन दिन तक अस्पताल में रोकने का आरोप लगाया है। शुक्रवार शाम किशोरी के पिता ने सीतापुर से आए ग्रामीणों के साथ दुबग्गा थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी और कार्रवाई की मांग की।
विज्ञापन

सीतापुर निवासी मजदूर मौना के मुताबिक, वह तीन नवंबर को बुखार से पीड़ित बेटी को लेकर केजीएमयू पहुंचे थे। वहां कुछ लोगों ने बेहतर इलाज का भरोसा देकर उन्हें दुबग्गा स्थित लखनऊ तुलसी हॉस्पिटल भेज दिया। मौना ने आयुष्मान कार्ड दिखाया, लेकिन अस्पताल प्रशासन ने त्योहार के कारण सर्वर नहीं चलने की बात कहकर कार्ड से इलाज करने से मना कर दिया।
मौना का आरोप है कि जांच और इलाज के नाम पर उन्होंने 90 हजार रुपये नकद जमा किए। 10 नवंबर को बेटी की हालत में सुधार होने पर डिस्चार्ज करने की बात कही गई, लेकिन अस्पताल प्रशासन ने करीब 1.53 लाख रुपये का बिल थमा दिया। मजदूर परिवार इतनी रकम जमा नहीं कर सका। आरोप है कि बकाया भुगतान न होने पर किशोरी को तीन दिन तक अस्पताल से जाने नहीं दिया गया। शुक्रवार को पिता ने करीब तीन लाख रुपये का बिल बनाए जाने की शिकायत भी पुलिस से की।
विज्ञापन

दुबग्गा थाने के अतिरिक्त अपराध निरीक्षक मोहम्मद अकरम ने बताया कि किशोरी को बंधक नहीं बनाया गया था। बिल के भुगतान को लेकर वह अस्पताल में रुकी थी। अधिक बिल वसूलने की शिकायत पर अस्पताल प्रशासन से बातचीत की जा रही है।
वहीं, अस्पताल संचालक देशराज यादव ने आरोपों को बेबुनियाद बताया। कहा कि किशोरी को दिमागी बुखार था और आयुष्मान कार्ड काम नहीं कर रहा था। इलाज के बाद उसकी हालत में सुधार है। इलाज में खर्च हुई रकम को लेकर सहमति बनने पर मरीज को छुट्टी दे दी जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें