मदेयगंज के खदरा बैरल-2 स्थित ढलान पर रविवार रात तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। हादसे में बगल से गुजर रहे अरनव पांडेय (13) की दबकर मौत हो गई, जबकि बाइक सवार दो युवक जख्मी हो गए। इकलौते बेटे की मौत से पूरे परिवार सदमे में हैं।
इंस्पेक्टर मदेयगंज प्रवीण कुमार सिंह के मुताबिक, कक्षा छह का छात्र अरनव पांडेय दोस्त से मिलकर साइकिल से घर लौट रहा था।
स्थानीय निवासी आशीष मिश्रा ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने दो बाइक सवार घायल हो गए थे, लेकिन बाइक नाले में गिर गई थी। इस बीच शिवसागर पोते की तलाश करते हुए पहुंचे तो कुछ लोगों ने बताया कि एक किशोर भी नीचे दबा है।
डेढ़ घंटे बाद क्रेन पहुंची और ट्रैक्टर-ट्रॉली को निकाला। इसके बाद आशीष ने नाले में कूदकर किशोर को बाहर निकाला और ट्रॉमा ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद पिता नरेंद्र पांडेय व मां बेसुध हो गए। परिजनों ने बताया कि शादी के छह साल बाद अरनव पैदा हुआ था। इंस्पेक्टर के मुताबिक, चालक लखीमपुर का रहने वाला है।
बैरिकेडिंग तक नहीं
लोगों ने बताया कि शाम होते ही यहां से भारी वाहन गुजरने लगते हैं। कई बार शिकायत के बावजूद बैरीकेडिंग तक नहीं लगाई गई। इतना बड़ा हादसा पहली बार हुआ है।
हादसे मेें कार पलटी, पांच जख्मी
ठाकुरगंज इलाके में रविवार रात वरदानी मंदिर के पास तेज रफ्तार कार पलट गई। हादसे में पांच लोग जख्मी हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है।