लखनऊ। अलीगंज में सात वर्षीय बच्चे से कॉलोनी निवासी 17 वर्ष के किशोर ने गलत काम किया। आरोपी ने माता-पिता की हत्या की धमकी देते हुए उसे चुप रहने के लिए कहा। घर पहुंचकर बच्चा गांव जाने की जिद करने लगा। परिजनों ने उससे बातचीत की तो पूरी घटना पता चली। बुधवार को बच्चे के पिता ने किशोर के खिलाफ अलीगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने उसे पकड़कर बाल सुधार गृह भेज दिया है।
इंस्पेक्टर ध्रुव कुमार ने बताया कि मूलरूप से गोंडा निवासी बच्चा माता-पिता के साथ अलीगंज में रहता है। वह कक्षा-4 का छात्र है। पिता प्रॉपर्टी डीलर हैं। 31 मार्च की शाम करीब सात बजे वह कॉलोनी स्थित पार्क में खेल रहा था। इस बीच सिलाई के कारखाने में काम करने वाला किशोर वहां पहुंचा और बच्चे को कबूतर देने के बहाने प्लॉट पर ले गया। आरोपी ने पहले तो बच्चे से उसकी मां को लेकर अश्लील बातें कीं। इसके बाद बच्चे से गलत काम किया। टॉन्सिल की दिक्कत की वजह से बच्चे को सांस लेने में दिक्कत होने लगी और वह रोने लगा। बच्चे को राता देख आरोपी ने उसे धमकाया। इसके बाद शिकायत करने पर बच्चे के माता-पिता को मारकर कूड़े के ढेर में डाल देने की धमकी दी और वहां से भाग गया।
बच्चा बोला- यहां के लोग बहुत गंदे हैं, गांव चलकर रहेंगे
घर पहुंचकर बच्चा गांव चलकर रहने की जिद करने करने लगा। घरवालों ने वजह पूछी तो कहा कि गांव चलकर रहेंगे, यहां के लोग बहुत गंदे हैं। घरवालों ने समझा-बुझाकर बातचीत की तो बच्चे ने अपने साथ हुई घिनौनी हरकत के बारे में बताया। इंस्पेक्टर अलीगंज ने बताया कि बुधवार को पॉक्सो सहित अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को पकड़ लिया गया। छानबीन में पता चला है कि आरोपी मूल रूप से सीतापुर का रहने वाला है।