लखनऊ। बीबीडी क्षेत्र के इंदिरा नहर में मंगलवार को नहाने गए विभूतिखंड के कठौता निवासी दिपांशु (13) की डूबने से मौत हो गई। बीबीडी थाना प्रभारी राम सिंह ने बताया कि कठौता निवासी सद्गुरु मजदूरी करते हैं। उनका बेटा दिपांशु बाइक रिपेयरिंग का काम सीख रहा था। दिपांशु को तैरना नहीं आता था। दोपहर एक बजे वह आठ वर्षीय भाई और दो दोस्तों के साथ माधव ग्रीन अपार्टमेंट के पास नहर गया था। चारों ने नहाने का फैसला किया, लेकिन दिपांशु गहरे पानी में जाकर डूबने लगा। यह देखकर भाई व दोस्त चिल्लाने लगे, जिससे आसपास मौजूद लोग आ गए। पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों को बुलाया गया। दोपहर तीन बजे शव बरामद कर लिया गया।