लखनऊ। आजमगढ़ निवासी लखनऊ विश्वविद्यालय की छात्रा ने पूर्व परिचित गाजीपुर के सुनील कुमार पर बहन से छेड़छाड़ करने व उसका मोबाइल छीनने का आरोप लगाया है। हसनगंज पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।
छात्रा के मुताबिक आठ सितंबर को उन्होंने बहन को मिलने के विवि बुलाया था। दोपहर दो बजे वह लविवि के गेट नंबर चार के पास इंतजार कर रही थीं। कुछ देर में बहन आ गई। आरोप है कि तभी सुनील भी वहां आ धमका और गाली-गलौज करते हुए उसकी बहन पर अकेले साथ चलने का दबाव बनाने लगा। विरोध पर वह उससे छींटाकशी करने लगा और उसका मोबाइल छीन लिया। शोर मचाने पर सुनील भाग निकला।
छात्रा का आरोप है कि सुनील उसकी बहन के मोबाइल से गलत व्हाट्सएप स्टेटस लगा रहा है। साथ ही घरवालों से गाली-गलौज कर रहा है। इस कारण उसकी बहन मानसिक रूप से प्रताड़ित हो रही है। इंस्पेक्टर चितवन कुमार के मुताबिक पीड़िता के मोबाइल के जरिये आरोपी की तलाश की जा रही है।