चिनहट। नौबस्ता कला गांव में अवैध निर्माण की जांच करने पहुंची राजस्व और नगर निगम की टीम के साथ अभद्रता का मामला सामने आया है। आरोप है कि कब्जेदारों ने टीम के सदस्यों को धमकाने के साथ बंधक बना लिया और अपहरण का प्रयास किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कर्मचारियों को मुक्त कराया।
महिला लेखपाल संजू मौर्या ने बताया कि मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर सोमवार को शिकायत मिलने के बाद तहसीलदार सदर के निर्देश पर पांच लेखपालों की टीम गठित की गई थी। मंगलवार दोपहर टीम जांच के लिए गांव पहुंची। आरोप है कि वहां मौजूद करीब 20 लोगों ने उन्हें पकड़ने का प्रयास किया लेकिन वह बच निकलीं। वहीं, टीम के अन्य सदस्यों को बंधक बना लिया गया। कर्मचारियों ने इसकी सूचना एसडीएम सदर को दी। इसके बाद चिनहट थाने से पुलिस बल मौके पर पहुंचा और उन्हें मुक्त कराया। कर्मचारियों ने चिनहट थाने में आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। इंस्पेक्टर दिनेश मिश्र ने बताया कि महिला लेखपाल की ओर से तहरीर मिली है। जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।