लखनऊ। ऐशबाग की मोतीझील योजना में नजूल की जमीन पर अवैध रूप मकानों को तोड़ने गई एलडीए की टीम को विरोध झेलना पड़ा। सपा विधायक रविदास मेहरोत्रा ने मौके पर पहुंचकर एलडीए की कार्रवाई पर सवाल उठाए। एलडीए की टीम सिर्फ एक मकान का ही अवैध निर्माण तोड़ सकी।
मोतीझील योजना में हबीब नगर बस्ती के 50 से अधिक मकान नजूल की जमीन पर बने हैं। इन्हें तोड़ने के लिए एलडीए की ओर से 23 दिसंबर को नोटिस जारी की गई थी। सोमवार को टीम, चकबंदी अधिकारी हेमचंद्र के साथ पहुंची तो विरोध शुरू हो गया। लोगों की सूचना पर सपा विधायक रविदास मेहरोत्रा पहुंचे और विरोध जताया। इसके बाद हंगामा बढ़ने लगा।
इससे टीम एक ही मकान का निर्माण तोड़ सकी। एलडीए के चकबंदी अधिकारी हेमचंद्र का कहना है कि नजूल की जमीन पर 35 लोगों को पट्टे पर जमीन दी गई थी। इनमें से बहुत से लोगों ने दी गई जमीन से ज्यादा पर निर्माण किया है, जिसे तोड़ा जाना है। निर्माण न तोड़ा जाए इसके लिए सात लोग कोर्ट से स्टे लाए हैं।