कानपुर यूनिवर्सिटी से संबद्ध लॉ कॉलेजों के बीए एलएलबी ऑनर्स (पांच वर्षीय) और एलएलबी (तीन वर्षीय) पाठ्यक्रम के 22 हजार स्टूडेंटों की कॉपी जांचने की गोपनीयता से खिलवाड़ किया जा रहा। कई स्टूडेंटों ने प्रश्नों के जवाब अजब-गजब दिए हैं।
जो शिक्षक कॉपी जांच रहे, वही व्हाट्स एप की मदद से जांची गई कॉपी निजी कॉलेजों के शिक्षकों को भेज रहे हैं। साथ ही चुटकी लेकर कह रहे हैं कि इस बार का रिजल्ट बेहद खराब आएगा।
यूनिवर्सिटी से संबद्ध अनुदानित और सेल्फ फाइनेंस लॉ कॉलेजों की कॉपियां जांची जा रही हैं लेकिन इसकी गुणवत्ता और गोपनीयता का ख्याल नहीं रखा जा रहा। मंगलवार को एलएलबी फर्स्ट सेमेस्टर की कुछ जंची कॉपियां व्हाट्स एप की मदद से बाहर भेजी गईं।
संविधान से संबंधित सवाल का जवाब स्टूडेंटों ने फिजिक्स और केमिस्ट्री से दिया है। तलाक से संबंधित प्रश्न का उत्तर भी फिजिक्स और केमिस्ट्री से आया है। भीगे होंठ तेरे जैसे... फिल्मी गीत भी लिखे गए हैं। अब यही कॉपी निजी कॉलेजों के स्टूडेंटों को दिखायी जा रही है। कहा जा रहा कि स्टूडेंटों का जो मन करता है, वही लिख देते हैं।