संस्कृत, संगीत व सांकेतिक भाषा विषय में दूर होगी शिक्षकों की कमी
लखनऊ। डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय में स्नातक संस्कृत, संगीत सहित सांकेतिक भाषा से जुड़े विषयों में शिक्षकों की कमी जल्द दूर होगी। विवि की ओर से 26 पदों पर गेस्ट फैकल्टी के रूप में शिक्षकों की भर्ती की जाएगी।
इस संबंध में विश्वविद्यालय की ओर से विज्ञापन जारी कर एक सप्ताह तक आवेदन लिए जाएंगे। फिर साक्षात्कार की प्रक्रिया शुरू होगी। विवि का दावा है कि पूरी प्रक्रिया 10 से 12 दिनों में पूरी होगी। गेस्ट फैकल्टी के आने से विद्यार्थियों की नियमित क्लास चल सकेगी और मौजूदा शिक्षकों पर से काम का बोझ कम होगा। बता दें कि इससे पहले 40 पदों पर तैनाती की जानी थी, जिसमें 14 पद भरे जा चुके हैं।
विवि में स्नातक संस्कृत की पढ़ाई इसी सत्र से शुरू हुई है। 60 सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है, लेकिन शिक्षक न होने के कारण पढ़ाई प्रभावित हो रही है। विवि की ओर इस समस्या का निदान पिछले माह ही किया जाना था।
पुनर्वास विश्वविद्यालय के प्रवक्ता प्रो. यशवंत वीरोदय के अनुसार, 24 गेस्ट फैकल्टी की तैनाती के लिए विज्ञापन जल्द ही जारी किया जाएगा। इसके बाद एक सप्ताह तक आवेदन लिए जाएंगे। फिर साक्षात्कार कर तैनाती की जाएगी।