परिषदीय प्राथमिक विद्यालयों में सहायक अध्यापकों के69000 पदों पर भर्ती के लिए लिखित परीक्षा रविवार को होगी। प्रदेश के सभी 18 मंडल मुख्यालयों में 6 जनवरी को सुबह 11 से दोपहर 1.30 बजे तक होने वाली परीक्षा के लिए 800 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं।
बेसिक शिक्षा विभाग के इतिहास में सबसे बड़ी भर्ती परीक्षा होगी जिसमें 430439 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। शुक्रवार को आयोजित वीडियो कांफ्रेंस में अपर मुख्य सचिव प्रभात कुमार ने परीक्षा के दौरान नकल रोकने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
वीडियो कांफ्रेंस में अपर मुख्य सचिव प्रभात कुमार ने सभी 18 मंडलों के मंडलायुक्तों, जिलाधिकारियों और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों को परीक्षा के दौरान परीक्षा केन्द्र खास नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नकल कराने वाले गिरोह पर नजर रखी जाए और परीक्षा केन्द्र के आस-पास संदिग्ध व्यक्ति नजर आने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। उन्होंने प्रश्न पत्रों और उत्तर पुस्तिका (ओएमआर शीट) की सुरक्षा के भी पर्याप्त इंतजाम करने के निर्देश दिए।