लखनऊ के सरोजनीनगर में फौजी की पत्नी को जूस में नशीला पदार्थ पिलाकर रेप की कोशिश व ब्लैकमेल करने के आरोप में आलमबाग के स्नेहनगर निवासी अटल दीक्षित के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। पीड़िता ने अटल पर एटीएम कार्ड छीनकर रुपये निकालने का भी आरोप लगाया है।
विवेचना कर रहे दरोगा कृष्णकांत सिंह ने बताया कि अटल पीड़िता के बेटे को ट्यूशन पढ़ाने आता था। पुलिस टीम उसके घर गई थी लेकिन वह भागा हुआ है। दरोगा ने बताया कि पीड़िता का पति बाहर रहता है जबकि वह एक बेटे व एक बेटी के साथ सरोजनीनगर में रह रही है।
चार महीना पहले ही बेटे को ट्यूशन पढ़ाने के लिए अटल को रखा था। बीते सप्ताह अटल ट्यूशन पढ़ाने घर आया था। बेटे-बेटी को कमरे में छोड़कर वह टॉयलेट जाने का बहाना बनाकर बाहर चला गया। बाहर पीड़िता मिली तो उसने प्यास लगने की बात कही।
पीड़िता ने उसे गिलास में जूस दिया। अटल के कहने पर उसने खुद भी थोड़ा जूस ले लिया। अटल बातचीत करते हुए पीड़िता को दूसरे कमरे में ले गया और ध्यान बंटते ही साथ लाया हुआ नशीला पदार्थ उसके जूस के गिलास में मिला दिया।