माल के पतौना स्थित नॉवले अकादमी में कक्षा एक की छात्रा को शिक्षक ने बेरहमी से पीट दिया। उसका कुसूर सिर्फ इतना था कि वह शिक्षक के सवालों का जवाब नहीं दे सकी थी। बौखलाए शिक्षक ने छात्रा का सिर ब्लैकबोर्ड से लड़ा दिया। उसके बाल नोंच डाले।
छात्रा के परिवारीजनों ने शिक्षक के खिलाफ तहरीर दी है जिस पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने उसकी तलाश में दबिश दी, लेकिन उसे पकड़ा नहीं जा सका। पुलिस का कहना है कि आरोपी शिक्षक भागा हुआ है। थाना प्रभारी विनोद कुमार गोस्वामी ने बताया कि गोपरामऊ गांव निवासी प्रदीप कुमार की छह वर्षीय बेटी अन्नू कक्षा एक की छात्रा है।
शुक्रवार सुबह उसके शिक्षक बांझी निवासी विनोद कुमार ने ब्लैकबोर्ड के पास बुलाकर सवाल पूछे। छात्रा जवाब नहीं दे सकी तो शिक्षक आगबबूला हो गया और उसकी पिटाई शुरू कर दी। उसके बाल पकड़कर सिर श्यामपट से लड़ा दिया। छात्रा चीखती रही लेकिन शिक्षक पर कोई असर नहीं पड़ा।
उसकी हालत देखकर कक्षा के अन्य छात्र-छात्राओं में दहशत फैल गई। छुट्टी के बाद छात्रा घर पहुंची और मां विनीता से लिपटकर रोने लगी। कारण पूछने पर उसने पिटाई की जानकारी दी तो परिवारीजनों के होश उड़ गए। उसे लेकर परिवारीजन थाना पहुंचे और शिक्षक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई।