लखनऊ। राजधानी में टीबी मरीजों को मिलने वाली पोषण राशि काफी समय से पोर्टल और बजट के झंझट में फंसी थी। इससे टीबी मरीजों को पिछले 11 महीनों से पोषण राशि नहीं मिल सकी है। हालांकि अब इसके लिए बजट जारी कर दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि इसी माह से भुगतान प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है।
टीबी उन्मूलन कार्यक्रम के तहत मरीजों को बेहतर खान-पान के लिए सरकार हर महीने 1,000 रुपये की सहायता राशि देती है। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार बीते माह जिले में करीब 25 हजार टीबी रोगियों का पंजीकरण किया गया है। लेकिन पोर्टल में समस्या के कारण अगस्त 2025 से भत्ता जारी नहीं हुआ था। एनएचएम की प्रबंध निदेशक पिंकी जोवल ने पोर्टल की खामियां सुधारने और भुगतान की प्रक्रिया शुरू करने का आदेश दिया था। इसके बाद भी पोषण राशि वितरित नहीं हुई थी। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एके सिंघल ने बताया कि पोषण राशि के लिए बजट मिल गया है। रुकी हुई पोषण राशि भी मरीजों को दी जाएगी। इसी माह से बजट सभी के खातों में भेजने की प्रक्रिया शुरू कराई जाएगी।