आमिर खान की फिल्म ‘पीके’ को भले ही प्रदेश सरकार ने टैक्स फ्री कर दिया हो पर इससे मनोरंजन कर विभाग को करीब 67 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। विभाग ने नुकसान की रिपोर्ट शासन को भेज दी है।
उल्लेखनीय है कि जिन फिल्मों की 70 प्रतिशत से अधिक शूटिंग प्रदेश में होती है, उन्हें सब्सिडी देने या टैक्स फ्री करने का प्रावधान है पर अंतिम निर्णय मुख्यमंत्री के स्तर पर ही लिया जाता है। हाल ही में आमिर खान अभिनीत फिल्म पीके को सरकार ने टैक्स फ्री कर दिया।
जिसके बाद से टिकट पर लगने वाला 40 प्रतिशत मनोरंजन कर कम हो गया। टैक्स फ्री होने के बाद टिकटों की जो बिक्री हुई, उससे मनोरंजन कर विभाग को 67 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। इसमें शहर के सिंगल व मल्टी स्क्रीन थियेटरों के टिकट बिक्री के आंकड़े शामिल हैं। अर्जुन कपूर व सोनाक्षी सिन्हा अभिनीत फिल्म ‘तेवर’ भी टैक्स फ्री की गई है, जिसकी शूटिंग आगरा व मथुरा में हुई है।
मनोरंजन कर आयुक्त सीपी सिंह का कहना है किचूंकि, मनोरंजन कर विभाग का वित्तीय वर्ष में एक लक्ष्य तय होता है, इसलिए फिल्म के टैक्स फ्री किए जाने से विभाग को जो नुकसान होता है, उसकी रिपोर्ट शासन में जमा करनी होती है।