लखनऊ। आयकर विभाग का चेक चोरी कर टैक्स असिस्टेंट ने उस पर फर्जी हस्ताक्षर बनाए। फिर 71 लाख रुपये की ठगी का प्रयास किया। विभाग की जाली दस्तावेज जांच कमेटी ने हजरतगंज थाने में केस दर्ज कराया है।
कमेटी में शामिल सदस्य डॉ. प्रीति सिंह के मुताबिक, टैक्स असिस्टेंट गोमतीनगर निवासी बीरेंद्र कुमार अवस्थी ने पीके त्रिपाठी से एक करोड़ रुपये का लोन लिया था। इसके बदले उसने विभाग का 71 लाख का चेक गिरवी रखा था। वह जब चेक इंडियन बैंक शाखा हजरतगंज क्लीयर कराने पहुंचे तो शक होने पर कर्मियों ने आयकर विभाग को कॉल की। विभाग ने रिकाॅर्ड खंगाले तो पता चला कि 71 लाख का कोई चेक जारी ही नहीं किया गया है। जब त्रिपाठी को बयान के लिए बुलाया तो उसने पूरी बात बताई।
डॉ. प्रीति के मुताबिक बीरेंद्र ने विभाग का चेक चोरी किया था। उसने चेक पर जोनल अकाउंट ऑफिसर ललित किशोर सिंह व आयकर आयुक्त टीपीएस निधि वर्मा के जाली हस्ताक्षर किए थे। साथ ही कई अफसरों के फर्जी हस्ताक्षर कर जाली दस्तावेज भी तैयार किए थे।