लखनऊ। इंदिरानगर स्थित राजकीय पॉलीटेक्निक में बुधवार को दो दिवसीय रोजगार मेले का समापन हो गया। टाटा मोटर्स के अहमदाबाद प्लांट के लिए हुए साक्षात्कार में प्रदेशभर से 2700 से अधिक अभ्यर्थी शामिल हुए। कंपनी ने 1200 अभ्यर्थियों के चयन की घोषणा की है।
रोजगार मेले में राजकीय, अनुदानित व निजी पॉलीटेक्निक से डिप्लोमा करने वाले विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया था। इनमें लखनऊ, वाराणसी, गोरखपुर, गाजियाबाद के अलावा अन्य राज्यों के विद्यार्थी थे। प्लेसमेंट अधिकारी डॉ. एसपी सोनी ने बताया कि दो दिवसीय रोजगार मेले के लिए 4000 पंजीकरण हुए थे, इनमें 2700 अभ्यर्थियों ने साक्षात्कार दिया।
बताया कि चयनित अभ्यर्थियों को इंटर्नशिप पद प्रतिमाह 17 हजार रुपये वेतन दिया जाएगा। एक साल बाद उन्हें बीटेक कराया जाएगा। इस दौरान चयनितों को इंजीनियरिंग का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों की फरवरी में ज्वाइनिंग है। ज्वाइनिंग के बाद उन्हें एक महीने की विशेष ट्रेनिंग दी जाएगी।