लखनऊ। राजकीय आईटीआई की तर्ज पर टाटा इंस्टीट्यूट अब पॉलीटेक्निक के विद्यार्थियों को भी स्किल के साथ रोजगार देगा। संस्थान के सहयोग से राजधानी सहित प्रदेश के 45 राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेजों में जल्द ही पढ़ाई शुरू होगी। प्राविधिक शिक्षा परिषद ने इसकी तैयारियां शुरू कर दी है।
प्रदेश के 150 आईटीआई में टाटा इंस्टीट्यूट ने नए कोर्स की शुरुआत की है। इनमें ज्यादातर संस्थानों में पढ़ाई भी शुरू हो गई है। विद्यार्थियों को मिल रही बेहतर स्किल और रोजगारपरक शिक्षा के बाद पॉलीटेक्निक संस्थानों में भी यह व्यवस्था शुरू की जाएगी। यहां विद्यार्थियों के लिए आधुनिक प्रयोगशाला, वर्कशॉप और कोर्स के आधार पर नई मशीनें स्थापित की जाएंगी।
प्राविधिक शिक्षा परिषद के अनुसार, राजकीय और निजी पॉलीटेक्निक कॉलेजों में अब भी पुराने पैटर्न पर पढ़ाई हो रही है, जबकि उद्योग क्षेत्र के लिए ऐसे पाठ्यक्रम व पढ़ाई ज्यादा कारगर साबित नहीं है। इसी को ध्यान में रखते हुए टाटा इंस्टीट्यूट कंपनी की आवश्यकतानुसार कोर्स की डिजाइन व रोजगारपरक स्किल देने जा रहा है।
तकनीकी शिक्षा विभाग के महानिदेशक अविनाश कृष्ण सिंह ने बताया कि आज के दौर के अनुसार तकनीकी पाठ्यकमों में बदलाव और नए कोर्स की शुरुआत करना जरूरी है। टाटा इंस्टीट्यूट के साथ मिलकर राजकीय पॉलीटेक्निक में कंपनी की मांग के आधार पर पढ़ाई शुरू होगी, ताकि यहां पढ़ने वाले ज्यादातर विद्यार्थी रोजगार से जुड़ सके।
सिविल, इलेक्ट्रिकल और मैकेनिकल से जुड़े शुरू होंगे नए कोर्स
पॉलीटेक्निक संस्थानों में टाटा इंस्टीट्यूट के सहयोग से सिविल, इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स और मैकेनिकल के कोर्स शुरू होंगे। कंपनी की मांग के आधार पर कोर्स अपग्रेड भी किए जाएंगे। इन कोर्स के साथ ही नई लैब भी बनाई जाएगी। विद्यार्थियों को नियमित रूप से प्रैक्टिकल करना होगा। यहां टाटा इंस्टीट्यूट कार्यशाला भी चलाएगा। संस्थान की पहली प्राथमिकता यहां पढ़ने वाले विद्यार्थियों को शत प्रतिशत रोजगार से जोड़ना है।