देश की दूसरी सबसे बड़ी इनामी राशि वाली बैडमिंटन चैंपियनशिप का यूपी बैडमिंटन अकादमी में 26 नवंबर से आगाज होगा। सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में भारतीय दिग्गज आकर्षण का केंद्र होंगे।
भारतीय बैडमिंटन एसोसिएशन (बीएआई) के तत्वावधान में उत्तर प्रदेश बैडमिंटन एसोसिएशन की ओर से यह चैंपियनशिप आयोजित की जा रही है। ओलंपिक रजत पदक विजेता पीवी सिंधू, पेरिस ओलंपिक के क्वार्टर फाइनलिस्ट लक्ष्य सेन, राष्ट्रमंडल खेलों की स्वर्ण पदक विजेता जोड़ी सात्विक साईराज और चिराग शेट्टी समेत अन्य भारतीय शटलरों पर सबकी नजरें होंगी। मुकाबले एक दिसंबर तक चलेंगे। चैंपियनशिप में मुख्य ड्रॉ 32-32 का होगा। इसमें 28 खिलाड़ियों को सीधे एंट्री मिलेगी, जबकि चार खिलाड़ी क्वालिफायर से मुख्य ड्रॉ में प्रवेश करेंगे।
ये भी पढ़ें - यूपी का मौसम: दो दिन के बाद प्रदेश में तेजी से गिरेगा पारा, मौसम विभाग ने जारी किया कोहरे का भी अलर्ट
ये भी पढ़ें - यूपी: सात फीसदी वोटों में सिमट गई यूपी में राज करने वाली बसपा, 2012 के बाद से हर चुनाव में सिकुड़ता रहा जनाधार
1 करोड़ 80 हजार रुपये का इनाम
इस चैंपियनशिप में कुल 2,10,000 अमेरिकी डाॅलर (1 करोड़ 80 हजार रुपये) दांव पर होंगे। इससे ज्यादा इनामी राशि सिर्फ दिल्ली में इंडिया ओपन चैंपियनशिप होती है। इसमें प्राइज मनी साढ़े नौ लाख डॉलर (7 करोड़ 98 लाख रुपये) होती है।
256 खिलाड़ियों में 163 भारत के होंगे
चैंपियनशिप में मेजबान भारत सहित 20 देशों के कुल 256 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। इसमें 163 खिलाड़ी भारत के होंगे। चीन के भी 25 खिलाड़ी चुनौती पेश करेंगे। मलयेशिया के 20 व थाईलैंड के 18 खिलाड़ी दमखम दिखाएंगे।
-चैंपियनशिप में मलयेशिया, थाईलैंड, चीनी ताइपे, जापान, इंग्लैंड, अजरबैजान, श्रीलंका, हांगकांग, वियतनाम, आयरलैंड, ब्रुनेई, इस्राइल, यूएई, सिंगापुर, पोलैंड, अमेरिका, फिनलैंड व म्यांमार के खिलाड़ियों का भी कमाल देखने को मिलेगा।
शीर्ष रैंकिंग वाले खिलाड़ी -- पुरुष एकल
लक्ष्य सेन (भारत) वर्ल्ड रैंक 17
प्रियांशु राजावत (भारत) वर्ल्ड रैंक 34
किरन जार्ज (भारत) वर्ल्ड रैंक 35
जिया हेंग जेसन तेह (सिंगापुर) वर्ल्ड रैंक 39
महिला एकल
पीवी सिंधू (भारत) वर्ल्ड रैंक 19
मालविका बंसोड (भारत) वर्ल्ड रैंक 36
पुरुष युगल
सात्विक साईराज व चिराग शेट्टी (भारत) वर्ल्ड रैंक 9
महिला युगल
अश्विनी पोनप्पा व तनीषा क्रैस्टो (भारत) वर्ल्ड रैंक 14
मिश्रित युगल
बी. सुमित रेड्डी व सिकी रेड्डी (भारत) वर्ल्ड रैंक 32