लखनऊ। दुबग्गा उपकेंद्र के संविदा कर्मचारी धीरज गौतम के करंट से झुलसने के मामले में कार्रवाई न होने से नाराज परिजनों ने मंगलवार को मछली मंडी गेट के पास धरना-प्रदर्शन शुरू किया। भारतीय किसान यूनियन (श्रमिक जनशक्ति) के बैनर तले अनिश्चितकालीन धरना राष्ट्रीय सचिव मोहम्मद सलमान और युवा जिलाध्यक्ष सैफ पठान के नेतृत्व में शुरू हुआ।
भाकियू के प्रदेश प्रवक्ता अजय यादव ने बताया कि 27 सितंबर की रात ड्यूटी के दौरान लाइन जोड़ते समय बिजली विभाग की लापरवाही से अचानक लाइन चालू कर दी गई। इससे धीरज गंभीर रूप से झुलस गए। उनके दोनों हाथ काटने पड़े। घटना के बाद 18 अक्तूबर को प्रबंध निदेशक मध्यांचल को पत्र सौंपा गया। तकनीकी निदेशक हरीश बंसल ने इलाज का खर्च उठाने व मदद का आश्वासन दिया, लेकिन अब तक कोई सहायता नहीं मिली। इसी के विरोध में परिजनों ने धरना शुरू किया है।
धरनास्थल पर पहुंची दुबग्गा पुलिस ने तकनीकी निदेशक हरीश बंसल और मुख्य अभियंता सामान्य प्रशासन राम प्रीत प्रसाद से बातचीत की, पर समाधान नहीं निकला। अजय यादव ने कहा कि जब तक पीड़ित परिवार को लिखित रूप में ठोस आश्वासन नहीं दिया जाता, तब तक धरना जारी रहेगा। मौके पर धीरज की मां फूलमती, गुड्डी, सरजू देवी, अयान, सोनी, पिकी, मीना देवी, रमेश चंद्र, नीरज, नीलम देवी, विशाल, निर्मला देवी, राजन, सुनीता, दीपक, कमला देवी, रसूल मोहम्मद, रवि गौतम आदि मौजूद रहे।