लखनऊ। इंदिरानगर सेक्टर-8 स्थित कुबेर जी लॉन में सावन महोत्सव के दौरान झूला टूटने के मामले में इस्माइलगंज चौकी इंचार्ज दिनेश तिवारी के खिलाफ जांच के आदेश दिए गए हैं। महोत्सव के लिए तय मानकों का पालन कराने में लापरवाही बरतने के आरोपों की जांच की जा रही है।
डीसीपी पूर्वी दीक्षा शर्मा ने बताया कि कुबेर जी लॉन में सावन महोत्सव की अनुमति कुछ निर्धारित मानकों के साथ दी गई थी। हादसे के बाद सामने आया कि मेला आयोजक और झूला संचालक ने इन मानकों का पालन नहीं किया था। मानकों का पालन सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी क्षेत्र के चौकी इंचार्ज की थी। इसी आधार पर उनके खिलाफ जांच के आदेश दिए गए हैं। एसीपी विभूतिखंड सौम्या पांडेय ने जांच शुरू कर दी है। जांच में चौकी इंचार्ज की लापरवाही सामने आने पर उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
तीन युवतियां हुई थीं घायल
18 अगस्त की शाम सावन महोत्सव में झूले की एक ट्रॉली टूटकर गिर गई थी। हादसे में विभूतिखंड निवासी निशा, अंकिता और नैंसी घायल हुई थीं। निशा और अंकिता को गंभीर चोटें आई थीं और दोनों का इलाज चल रहा है। लोगों ने झूले के खराब रखरखाव को हादसे की वजह बताया था। महोत्सव में 30 रुपये प्रति व्यक्ति टिकट लिया जा रहा था। घायल निशा के पिता ने झूला संचालक और आयोजक के खिलाफ गाजीपुर थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी।