लखनऊ। दुबग्गा के हरदोई रोड अंधे की चौकी स्थित पावर कार सेल नाम की दुकान से बुधवार दोपहर दो युवक ट्रायल लेने के बहाने एसयूवी लूट ले गए। आरोप है कि चलती गाड़ी से लुटेरों ने दुकान के कर्मचारी यासीन को फेंक दिया। पुलिस ने लूट की जगह चोरी की धारा में केस दर्ज कर देर रात एसयूवी बरामद कर ली। साथ ही एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया है। पुलिस घटना के पीछे लेनदेन का विवाद बता रही है। ठाकुरगंज के बालागंज मरीमाता मंदिर निवासी मो. अलीम की दुबग्गा अंधे की चौकी के पास पुरानी गाड़ियों की खरीद-फरोख्त की दुकान है। उनके मुताबिक छह महीने पहले एक एसयूवी बेचने के लिए ली थी। बुधवार दोपहर दुकान पर दो युवक ग्राहक बनकर पहुंचे और एसयूवी खरीदने की बात कही। दोनों ने गाड़ी के ट्रायल के लिए कहा।
इस पर दुकान का कर्मचारी यासीन ट्रायल के लिए दोनों युवकों के साथ चला गया। हरदोई रोड स्थित कसमंडी रोड पर आरोपी युवकों ने यासीन के साथ मारपीट की और उनको चलती गाड़ी से फेंक कर एसयूवी लूट ले गए। यासीन ने खबर मालिक को दी। दुकानदार ने शिकायत पुलिस से की।
इंस्पेक्टर दुबग्गा अभिनव वर्मा ने बताया कि छानबीन के दौरान पता चला कि लूट व कर्मचारी को चलती गाड़ी से फेंकने की बात गलत थी। इस तथ्य के सामने आने पर गाड़ी चोरी का केस दर्ज किया गया और सीसीटीवी कैमरे की मदद से गाड़ी को पारा इलाके में बरामद कर लिया गया। पुलिस को जांच में पता चला है कि गाड़ी के पीछे लेनदेन का कुछ विवाद है।